विष्णु के सुशासन में बिजली बिल को लेकर गरीब जनता पर हो रहा अत्याचार और अमीरों को किया जा रहा दरकिनार मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना केवल ढकोसला है
प्रकाशनार्थ
विष्णु के सुशासन में बिजली बिल को लेकर गरीब जनता पर हो रहा अत्याचार और अमीरों को किया जा रहा दरकिनार मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना केवल ढकोसला है
दबावपूर्ण तरीके से छ.ग. की किसी भी लाईनों को काटने का काम यदि विद्युत विभाग अधिकारी करते हैं तो कांग्रेस बिजली दफ्तर सहित उन अधिकारियों के निवास का भी घेराव करेगी – विकास उपाध्याय
रायपुर (छत्तीसगढ़) दिनांक 29.04.2026। पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जोरदार हमला बोला है, उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ में बिजली बिल वसुली और तत्काल बिजली लाईन काटने के मामले का मुद्दा उठाते हुये कहा कि विष्णु के सुशासन में अब गरीब जनता अत्याचार का शिकार हो रहे हैं जबकि अमीरों के बकाया बिजली बिल से उन्हें कुछ फर्क नहीं पड़ता। उपाध्याय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में जिन-जिन घरों के एक महीने का बिजली बिल भुगतान नहीं किया गया है तो उन घरों की बिजली लाईन विद्युत विभाग तत्काल काट दे रही है और इसमें भी भेदभाव कर सिर्फ गरीब और मध्यम वर्ग के घरों के बिजली लाईन को ही काटने का काम सर्वप्रथम किया जा रहा है बाकि जितने भी बड़े बकाया वाले पूंजीपति हैं उन पर कोई कार्यवाई नहीं की जा रही है।
उपाध्याय ने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली बिल को बढ़ा दिया गया है और जनता से मोटी रकम वसूली जा रही है जबकि गर्मी में आये दिन राजधानी सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश में बिजली बंद होने की शिकायतें लगातार आ रही हैं, बिजली विभाग में फोन न उठाने की शिकायत आ रही हैं और कम्पलेन नोट किये जाने के बाद भी घंटों उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पाती। ऐसी व्यवस्था को दुरूस्त करने की बजाय विभाग जो बिजली नहीं भुगतान कर रहे हैं उनके तत्काल लाईनों को काटने में ज्यादा विश्वास रख रहे हैं। भीषण गर्मी में आज छत्तीसगढ़ में बिजली कटौती एक संकट बन गई है और ट्रिपल इंजन सरकार की नाकामी को दर्शा रही है।
बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य होने के बाद भी बिजली कटौती हो रही है। कांग्रेस शासन में यह सब देखने को नहीं मिलता था बल्कि बिजली बिल हाॅफ योजना का लाभ छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ से भी अधिक जनता को मिला। उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना केवल ढकोसला है और सिर्फ विज्ञापनों के लिये ही बनाया गया एक योजना है। गरीब, मध्यम वर्ग को अगर बिजली बिल पटाने के लिये लगातार विवश किया जाता है और दबाव बनाकर उनकी लाईनों को अगर काटने का काम बिजली विभाग के अधिकारी करते हैं ऐसी स्थिति में कांग्रेस बिजली दफ्तर सहित उन अधिकारियों के निवास का भी घेराव करेगी।
प्रवक्ता
अमित शर्मा (लल्लू)
