भाटापारा में फूटा कांग्रेस का ‘महंगाई बम’

0

विधायक इंद्र साव बोले— “2014 से अब तक मोदी सरकार ने सिर्फ महंगाई बढ़ाने का रिकॉर्ड तोड़ा”

भाटापारा (सेंट्रल न्यूज इंडिया):- देश और प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के गहराते संकट और आसमान छूती कीमतों को लेकर सियासत का पारा पूरी तरह चढ़ गया है। रविवार को भाटापारा के सती मंदिर रोड स्थित मनोमल ठारूमल पेट्रोल पंप के सामने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। हाथों में बैनर-पोस्टर थामे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। सेंट्रल न्यूज इंडिया के भाटापारा ब्लॉक रिपोर्टर मोहम्मद इकबाल हनफी की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में भारी संख्या में कांग्रेसी दिग्गज और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।

​2014 से सिर्फ जनता की जेब कटी: विधायक इंद्र साव

​प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से मौजूद भाटापारा विधायक इंद्र साव ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “जब से देश की कमान नरेंद्र मोदी के हाथों में आई है, तब से लेकर आज तक देश के हर वर्ग, व्यापारी, महिला और किसान को सिर्फ महंगाई की मार मिली है। महंगाई ने अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं।”
​विधायक ने अर्थशास्त्र समझाते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से सिर्फ वाहन मालिकों पर ही भार नहीं पड़ता, बल्कि गुड्स वाहनों (मालवाहकों) का किराया बढ़ जाता है। किराया बढ़ने से सामानों की कीमत बढ़ जाती है और आम जनता को बढ़ी कीमतों पर सामान खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। डीजल की कमी के कारण किसानों को खेती करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि वे राज्य शासन को पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतें कम करने और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दें।​

“असफल प्रधानमंत्री तुरंत इस्तीफा दें”– सुशील शर्मा का तीखा प्रहार

​मंच से हुंकार भरते हुए पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा ने तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे इस्तीफे की मांग कर डाली। सुशील शर्मा ने आरोप लगाया: ​”मोदी सरकार तेल भंडारण की क्षमता बढ़ाने और संकट प्रबंधन में पूरी तरह फेल हो चुकी है। यूपीए सरकार ने विशाखापट्टनम, मांगलूरु और पाण्डुर में तेल भंडार बनाए थे, लेकिन 12 साल की मोदी सरकार ने देश में एक भी नया तेल भंडार नहीं बनाया।”
​शर्मा ने आगे तंज कसते हुए कहा कि संकट के समय समाधान निकालने के बजाय सरकार आम जनता को डीजल-पेट्रोल कम इस्तेमाल करने, महिलाओं को तेल-गैस कम खपाने और सोना न खरीदने की कुटिल नसीहतें दे रही है, जो जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोसायटियों में किसानों को समय पर खाद और डीजल नहीं मिला, तो देश-प्रदेश में भुखमरी की स्थिति आ जाएगी।

​ब्लॉक अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा की अगुवाई में उमड़ा कांग्रेसियों का सैलाब

​ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। इसी के विरोध में आज कांग्रेसियों ने हाथों में तख्तियां लेकर जमकर नारे लगाए।
​दिवाकर मिश्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा सहित सतीश अग्रवाल, गणेश ध्रुव, अजय ठाकुर, चन्द्र शेखर चक्रधारी, चंद्रकांत खूंटे, देवनारायण बांधे, सत्यनारायण जोशी, अय्यूब बांठिया, ओमप्रकाश यदु, संजय बघेल, शेषनारायण यदु, प्रमेंद्र तिवारी, उमाशंकर गुप्ता, लक्ष्मी पांडे, दीपक वर्मा, राजेंद्र शर्मा, मनमोहन कुर्रे, मोहन निषाद, संतोष अग्रवाल, सचिन्द शर्मा, शैलेन्द्र अहिरवार, राजेश जगवानी, संजय टंडन, विजय महिलांगे, कृष्णा टंडन, गिरीश पारप्याणी, अमर सिंह साहू, दिलीप साहू, कुंजू साहू, निर्मल कुर्रे, धनंजय कुर्रे, किशोर रोहरा, शशांक बंजारे, प्रमोद बागवानी, गिरिराज चावड़ा, सिफ्फ़न हुसैन सहित काफी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसी और विभिन्न विंग्स के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

रिपोर्ट: मोहम्मद इकबाल हनफ़ी (भाटापारा ब्लॉक रिपोर्टर)
मोहम्मद अजहर हनफ़ी (ब्यूरो ची16:46:01फ जिला बलौदाबाजार-भाटापारा) की संयुक्त रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *