कर्मा जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा, बड़ी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल
सिमगा क्षेत्र में कर्मा जयंती के पावन अवसर पर ग्राम दुलदुला, कचलोन, औरेठी तथा पौसरी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। इस अवसर पर समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाटापारा विधायक इंद्र साव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज की पहचान उसकी परंपराओं और संस्कारों से होती है, इसलिए हमें अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजकर आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकता बनाए रखने और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।


विधायक इंद्र साव ने कहा कि समाज में आदर्श विवाह को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे अनावश्यक और फिजूल खर्च से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि सादगीपूर्ण और आदर्श विवाह से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है तथा आर्थिक रूप से भी लोगों को राहत मिलती है। उन्होंने युवाओं से समाज की परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सिमगा तहसील अध्यक्ष रामनाथ साहू, सिमगा तहसील उपाध्यक्ष भुवन साहू, सिमगा ग्रामीण परिक्षेत्र अध्यक्ष शेषनारायण साहू, लक्ष्मना परिक्षेत्र सचिव नेतराम साहू, बिसौहा साहू,बनसांकरा ग्राम प्रमुख मनोज लीलाधर साहू, वीरेंद्र साहू,तहसील मीडिया प्रभारी ओंकार साहू तथा युवा कार्यकर्ता केवल साहू सहित समाज के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा ग्राम प्रमुख जीवन साहू, कमल साहू, चंद्रकुमार साहू, बिसौहा साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।
कर्मा जयंती के अवसर पर सभी गांवों में श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। धार्मिक वातावरण में पूरे गांव में यात्रा निकाली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने कर्मा जयंती की एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता, प्रगति और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट
