आईजी दीपक झा ने किया सरगुजा जिले का वार्षिक निरीक्षण

0

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

सरगुजा – पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा द्वारा आज सरगुजा जिले का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र अंबिकापुर पहुंचकर परेड की सलामी ली तथा पुलिस बल के अनुशासन , वेश-भूषा और कार्यप्रणाली का बारिकी से निरीक्षण किया। परेड निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट वेश-भूषा एवं अनुशासन का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। निरीक्षण के दौरान आईजी दीपक कुमार झा ने रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण कर वाहनों के उचित रख-रखाव और नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं कैश शाखा , स्टोर शाखा तथा पुलिस कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिये। इसके पश्चात आयोजित पुलिस दरबार में आईजी दीपक कुमार झा ने जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्यायें सुनीं और कई समस्याओं के निराकरण के लिये मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को हमेशा अनुशासन , ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिये। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को उत्तम गणवेश में रहकर सख्त अनुशासन का पालन करना चाहिये। वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता को देखते हुये उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कंप्यूटर की अनिवार्य जानकारी रखने की सलाह दी , ताकि आधुनिक पुलिसिंग और कार्यालयीन कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित किया जा सके। आईजी दीपक कुमार झा ने पुलिस बल को नशे से दूर रहने और भ्रष्टाचार से बचने की सख्त समझाइश देते हुये कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच एक ईमानदार और जिम्मेदार संस्था के रूप में बनी रहनी चाहिये। यदि किसी भी आपराधिक गतिविधि में पुलिस के किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है , तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा निरीक्षण दौरान रक्षित केंद्र में पीसीएंडआर मद राशि अंतर्गत रक्षित केंद्र मे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों बाउंड्री वॉल , मीटिंग हॉल में मरम्मत , विशेष शाखा में रिनोवेशन कार्य , परेड मंच इत्यादि कार्यों का लोकार्पण किया गया। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पूर्व में थाना गांधीनगर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय सरगुजा का भी जायजा लिया और कार्यालयीन कार्यों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के लिये संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाये रखना अत्यंत आवश्यक है , ताकि पुलिस व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। वार्षिक निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवालश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों , नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल , एसडीओपी सीतापुर राजेंद्र मंडावी , एसडीओपी ग्रामीण तुल सिंह पट्टावी , उप पुलिस अधीक्षक सुरेश भगत , उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर , प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे , रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं आईजी स्टेनो पुष्पेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *