बलौदाबाजार में हादसों का शुक्रवार: 24 घंटे में तीन भीषण सड़क दुर्घटनाएं;

पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 ने दिखाई जांबाजी, 5 से अधिक जिंदगियां बचाईं
Mohammad Azhar hanfi, Bureau Chief Dist. Balodabazar – Bhatapara
बलौदाबाजार-भाटापारा :
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के भीतर तीन भीषण सड़क हादसे सामने आए हैं। मौसम की खराबी और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हुए इन हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक (SP) श्री गौरव राय के सख्त निर्देशों के बाद मुस्तैद जिला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीमों ने विपरीत परिस्थितियों में जांबाज रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर न सिर्फ गंभीर घायलों की जान बचाई, बल्कि मलबे में तब्दील हो चुके वाहनों को हटाकर मार्ग भी बहाल कराया।
1. गिधौरी: बरसते पानी और घने अंधेरे के बीच दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, केबिन काट बचाई जान

शुक्रवार तड़के सुबह करीब 4:00 बजे कसडोल-गिधौरी मुख्य मार्ग पर ग्राम नवापारा धमलपुर के पास एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर पहले से खड़ी एक गाड़ी को पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयावह थी कि दोनों भारी ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और उनका केबिन पूरी तरह पिचक गया।
सीमित संसाधनों में चला रातभर रेस्क्यू:
हादसे के बाद ट्रकों के चालक अंदर ही जिंदगी और मौत के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप बंजारे के नेतृत्व में गिधौरी पुलिस बल, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। लगातार हो रही भारी बारिश और घने अंधेरे के बीच पुलिस जवानों ने कटर व अन्य सीमित संसाधनों की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल एक चालक को तुरंत पुलिस वाहन से अस्पताल भेजा गया। इसके बाद क्रेन की मदद से बीच सड़क पर फंसे ट्रकों को हटाकर घंटों से लगे लंबे जाम को खुलवाया गया।
2. कसडोल: बुलेट और साइकिल की आमने-सामने टक्कर, बुजुर्ग बेहोश, एक का कंधा टूटा

दूसरा हादसा शाम करीब 4:00 बजे थाना कसडोल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छेरछेद मॉडर्न स्कूल के सामने हुआ। यहाँ एक तेज रफ्तार बुलेट (CG 13 BD 4885) और साइकिल के बीच आमने-सामने की सीधी और भीषण टक्कर हो गई।
मौके पर ही बेहोश हो गए बुजुर्ग:
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार बुजुर्ग मनमोहन केवट (50 वर्ष, निवासी छरछेद) के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। वहीं बुलेट चालक धीरज भोई (निवासी छिछोर उमरिया, रायगढ़) का बायां कंधा बुरी तरह टूट गया। कंट्रोल रूम से सूचना (इवेंट) मिलते ही कसडोल डायल 112 के आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लहूलुहान घायलों को सावधानीपूर्वक सरकारी वाहन में शिफ्ट किया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल में भर्ती कराया, जहाँ उनका आपातकालीन इलाज शुरू किया गया।
3. गिरौदपुरी: पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत, पामगढ़ के युवक-युवती घायल

तीसरी घटना शाम करीब 5:30 बजे गिरौदपुरी पेट्रोल पंप के पास घटित हुई, जहाँ दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़प रहे थे।
‘गोल्डन आवर’ में मिला त्वरित उपचार:
घटना की सूचना मिलते ही चौकी गिरौदपुरी/कटगी क्षेत्र की डायल 112 टीम के आरक्षक कमलेश्वर बर्मन और चालक मोहन धीवर तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों की पहचान प्रकाश लहरे (26 वर्ष) और खुशी टंडन (24 वर्ष), दोनों निवासी पामगढ़ के रूप में हुई। पुलिस कर्मियों ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिना वक्त जाया किए दोनों को डायल 112 वाहन से तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बरपाली पहुँचाया। समय पर (गोल्डन आवर में) इलाज मिलने के कारण दोनों घायलों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
सराहना: विपरीत परिस्थितियों, लगातार हो रही बारिश और भीषण दुर्घटनाओं के बीच बलौदाबाजार पुलिस, डायल 112 और हाईवे पेट्रोलिंग की टीमों द्वारा दिखाई गई इस त्वरित सूझबूझ और जांबाजी की राहगीरों, पीड़ितों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।
