मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देश पर चक्रवाती तूफान, अर्नब, से निपटने रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट।

0

रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए रायपुर जिले में  एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं एवं अन्य विपरीत मौसम परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया है। जिले में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों को तेज हवाओं, भारी बारिश, आकाशीय बिजली एवं जलभराव जैसी परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियां बरतने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।

संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन एवं अन्य राहत-बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

जिला प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों एवं जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। नगरीय निकायों एवं संबंधित विभागों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। साथ ही कमजोर भवनों, जर्जर संरचनाओं, पेड़ों एवं विद्युत लाइनों से संभावित जोखिम को देखते हुए आमजन की सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0771-2413233 जारी किया गया है। नागरिक किसी भी आवश्यक सहायता अथवा संबंधित जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed