गौ हत्या पर सख्त कानून की मांग, घर-घर पहुंची शिवसेना की मुहिम
बलौदाबाजार। गौ रक्षा को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। शिवसेना द्वारा चलाया जा रहा महा हस्ताक्षर अभियान अब बड़े आंदोलन का रूप लेता जा रहा है।
जिला सचिव दिलीप चतुरे ने बताया कि इस अभियान के जरिए गौमाता को राज्य माता का दर्जा देने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ तस्करी में शामिल वाहनों को राजसात करने जैसी मांगों को जोर-शोर से उठाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव में स्थित गौठानों को गौशाला का स्वरूप देने, घुमंतू गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कलेक्टर स्तर पर गौ सेवकों की नियुक्ति की मांग भी प्रमुख है। इस अभियान में शिवसैनिक घर-घर जाकर लोगों से हस्ताक्षर करा रहे हैं, जिससे हजारों की संख्या में समर्थन मिल चुका है।
अभियान की शुरुआत 3 जुलाई को प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार द्वारा रायपुर से की गई थी, जो अब पूरे प्रदेश में फैल चुका है। प्रमुख चौराहों पर स्टॉल लगाकर भी लोगों को जोड़ा जा रहा है।
इस अभियान के असर से गौ सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ी है और उच्च स्तरीय बैठकों का दौर जारी है।
इसी कड़ी में 27 अप्रैल को शिवसेना के पदाधिकारी मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान हजारों हस्ताक्षरों वाले समर्थन पत्र भी प्रशासन को सौंपे जाएंगे, जिससे आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट
