बजट में प्रदेश की समृद्धि का ‘संकल्प’: भावेश बैद
राजनांदगांव। जिला भाजपा कोषाध्यक्ष भावेश बैद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट को प्रदेश की समृद्धि का ‘संकल्प बताया है। श्री बैद ने कहा कि बजट में युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के उन्नयन पर जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री और ट्रेड सेक्टर के लिए 750 करोड़ रुपये के इंतजाम से राज्य में इंडस्ट्रियल एक्टिविटी में तेजी आएगी।
इससे नए इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा मिलेगा, बिजनेस का माहौल मजबूत होगा और राज्य की इकॉनमी में नई एनर्जी आएगी।वहीं ‘अटल निर्माण वर्ष’ के तहत बुनियादी ढांचे में निवेश से रोजगार के नए अवसर सृजित करना सरकार का सराहनीय प्रयास है। इसी तरह बजट में रानी दुर्गावती योजना के तहत 18 साल की उम्र की बेटियों को ₹1.5 लाख देने की घोषणा को भाजपा कोषाध्यक्ष ने अच्छी पहल बताया।

उनका कहना है कि इससे बेटियों की पढ़ाई, स्किल डेवलपमेंट और आत्मनिर्भरता मजबूत होगी। ‘महतारी वंदन योजना’ के सफल क्रियान्वयन के साथ-साथ महिलाओं के स्वरोजगार और लखपति दीदी योजना को नई गति देना महिला सशक्तिकरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। श्री बैद ने कहा कि यह बजट सोशल सिक्योरिटी और इकॉनमिक डेवलपमेंट के ‘संकल्प’ पर आधारित है। बजट में राजनांदगांव को मिली करोड़ो की सौगातों के लिए श्री बैद ने साय सरकार के प्रति आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ को पर्यटन कॉरिडोर में शामिल करना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसी तरह फिजियोथेरेपी कॉलेज, औद्योगिक विकास, सड़कों के निर्माण के लिए बजट में बड़े प्रावधान किए गए हैं, जो जिले के विकास को तीव्र गति प्रदान करने की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगा।
