तीन शिक्षक चुनावी कार्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित
बलौदाबाजार, 28 नवंबर:- जिला कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी के निर्देश पर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। इन पर चुनावी प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में रुचि न लेने, डिजिटलीकरण की प्रगति धीमी करने और गणना पत्रकों की ऑनलाइन एंट्री न करने के आरोप लगे हैं।
निलंबित किए गए शिक्षकों में विकासखंड पलारी के शासकीय प्राथमिक शाला बम्हनी के सहायक शिक्षक एल.बी. प्रीतम कुमार ध्रुव शामिल हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के लिए गणना पत्रक वितरण और वापसी के बाद, उनकी ऑनलाइन एंट्री का कार्य नहीं किया। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पलारी में नियत किया गया है।
इसी तरह, विकासखंड भाटापारा के दो शिक्षकों – ईतवारी राम यादव शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भाटापारा के शिक्षक अजय प्रकाश बंजारे और शासकीय प्राथमिक शाला निपनिया की सहायक शिक्षक द्रोपति ध्रुव – को भी निलंबित किया गया है। उन पर एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति लापरवाही और उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना का आरोप है।
प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 13के(2) और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन करने के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत की गई है। निलंबन अवधि के दौरान इन शिक्षकों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिए जाने का प्रावधान रहेगा।



