बलौदाबाजार-भाटापारा: कलेक्टर ने सफल निर्वाचन के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया का आभार जताया

0

मोहम्मद अज़हर हनफ़ी / जिला ब्यूरो चीफ, जिला बलौदाबाज़ार -भाटापारा

बलौदाबाजार, 6 जून 2024: कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के.एल. चौहान ने लोकसभा चुनाव 2024 के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य सभी वर्गों का आभार जताया है।

उन्होंने कहा कि जिले के सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सौंपे गए कार्यों को पूरी निष्पक्षता और कुशलता के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों द्वारा चुनाव के दौरान दिए गए सकारात्मक सहयोग की भी सराहना की।

चौहान ने कहा कि मीडिया ने मतदाताओं को जागरूक करने, चुनाव संबंधी जानकारी को जनता तक पहुंचाने और निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने महिला अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा चुनाव प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भागीदारी की भी प्रशंसा की।

उन्होंने विशेष रूप से संगवारी मतदान दल में शामिल महिला कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने चुनाव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, व्यय लेखा टीम, कॉल सेंटर, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मानिटरिंग कमेटी, उड़नदस्ता, स्थैतिक निगरानी दल और मतदान दलों के कार्यों की भी सराहना की।

चौहान ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान के कारण जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान 5 गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स भी बनाए गए, जो सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों के मार्गदर्शन से भी निष्पक्ष चुनाव कराने में मदद मिली।

कलेक्टर ने अंत में कहा कि जिला प्रशासन सभी का आभारी है जिन्होंने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लोकसभा चुनाव 2024 के सफल आयोजन में योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed