संगठन सृजन अभियान के तहत प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए दिवाकर मिश्रा

0

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को दिया गया संगठनात्मक प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

भाटापारा से ब्लॉक रिपोर्टर मोहम्मद इकबाल हनफ़ी

भाटापारा:- कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत रायपुर के जोरा स्थित प्रतिष्ठा मांगलिक भवन में आयोजित तीन दिवसीय ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शिविर में दिवाकर मिश्रा, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भाटापारा, शामिल हुए।

रायपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कांग्रेस की विचारधारा एवं संगठन की कार्यप्रणाली को जन-जन तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया।

शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं प्रशिक्षकों ने संगठन निर्माण, कांग्रेस की विचारधारा, सामाजिक समरसता, धर्मनिरपेक्षता, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा संगठन सृजन अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन के संचालन एवं जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज जी ने संगठन, भाजपा की नाकामी और कांग्रेस के योगदान तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी के लिए समर्पण के विषय पर मार्गदर्शन दिया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने वर्तमान राजनीति में युवाओं की भागीदारी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्तमान राजनीति में धर्म एवं धर्मनिरपेक्षता, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ सरकार के राजस्व और जनकल्याणकारी योजनाओं में व्यय से जुड़े विषय पर, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू जी ने सत्ता और संगठन के तालमेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री धनेन्द्र साहू जी ने कृषि और सिंचाई योजनाओं में कांग्रेस के योगदान तथा एआईसीसी से आए सौरभ वाजपेयी जी ने देश के निर्माण में आजादी से पहले और बाद में कांग्रेस के योगदान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान सोशल मीडिया से जुड़े विषयों पर मणी वैष्णव ने जानकारी दी, जबकि कांग्रेस महामंत्री दीपक मिश्रा ने कनेक्ट सेंटर की भूमिका और उसके कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण दिया। संगठन संचालन और जमीनी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए मास्टर ट्रेनरों की टीम ने भी विभिन्न सत्रों में ब्लॉक अध्यक्षों के साथ संवाद किया।

शिविर में जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार की अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा धृतलहरे, भाटापारा विधायक श्री इंद्र साव एवं कसडोल विधायक श्री संदीप साहू जी विशेष रूप से सम्मिलित हुए। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री श्री मलकीत सिंह गेंदू एवं सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण ताम्रकार अपनी पूरी टीम के साथ शिविर के आयोजन को सफल बनाने के लिए डटे रहे। इनके अलावा कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता भी शिविर में उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षण में शामिल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने के साथ ही संगठन सृजन अभियान के तहत प्राप्त प्रशिक्षण को अपने-अपने ब्लॉक में प्रभावी रूप से लागू करने तथा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से सक्रिय करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर दिवाकर मिश्रा ने संगठनात्मक प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मजबूत संगठन के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित, सक्रिय और अनुशासित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को बूथ एवं जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद, बूथ स्तर की सक्रियता और आपसी समन्वय के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण शिविर से प्राप्त मार्गदर्शन को भाटापारा ब्लॉक में संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने पर भी उन्होंने जोर दिया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में रायपुर संभाग के 74 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन संचालन, विचारधारा, अनुशासन, जनसंपर्क, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

शिविर में शामिल कांग्रेस पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने और पार्टी की गतिविधियों को गांव, बूथ एवं आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed