आशीर्वाद के पांच लाख दियों के साथ होगा सेवा संकल्प का आगाज, प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से एक माह तक चलेगा अभियान

0


राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर जिला भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता जिले के डेढ़ हजार से अधिक बूथों तक पहुंचेंगे और लाभार्थी परिवारों से संपर्क करेंगे। अभियान में सेवा, स्वच्छता, जनसंपर्क और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने से जुड़े 12 कार्यक्रम होंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय और अभियान के संयोजक मधुसूदन यादव तथा जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में अभियान की जानकारी दी। प्रदेश महामंत्री ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि राजनांदगांव जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत पांच लाख दीपों के प्रज्ज्वलन के साथ होगी। सेवा संकल्प के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होगी। इसी दिन शाम 7 बजे जिले के 1077 से अधिक बूथों पर लाभार्थी परिवारों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 100 दीये, ब्लॉक स्तर पर 77 हजार दीये और जिला मुख्यालय में एक लाख दिये, इस तरह लगभग पांच लाख दिये जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
बताया गया कि अभियान में भारतीय जनता पार्टी का खास फोकस उन लोगों तक पहुंचने पर रहेगा, जिन्हें केंद्र या राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है। पार्टी कार्यकर्ता इन परिवारों से संपर्क कर योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी लेंगे और उनकी समस्याओं को भी जानेंगे। सरकार की योजनाओं से अब तक नहीं जुड़ पाए पात्र लोगों को भी ‘सेवा सेतु शिविर’ के जरिए योजनाओं से जोड़ने की तैयारी है।
आंगनबाड़ियों में होगा आंगन मिलन
अभियान के अंतर्गत प्रदेश सहित जिले भर की आंगनबाड़ियों में तीन दिन तक ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम चलेगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का सम्मान किया जाएगा। बच्चों और माताओं के साथ पोषण, स्वास्थ्य और महिला संबंधी योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम होंगे। यहां महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा। इसी तरह शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां सोशल मीडिया पर साझा की जाएंगी। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 ऐसी रील्स साझा करने की योजना है। इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग 25 तरह की सेवा गतिविधियों में कम से कम 25 मिनट श्रमदान करेंगे। वहीं रंगोली प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटकों के जरिए भी योजनाओं और सेवा गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
29 को संस्कारधानी पहुंचेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की जन्म स्थली गुजरात के वडनगर से शुरु हो कर उनके कर्म स्थली काशी पहुंचेगी। इस दौरान कलश में वडनगर की नदी के जल से काशी विश्वनाथ का अभिषेक होगा। इसके बाद यह यात्रा पुनः काशी से शुरू होगी और वडनगर में पूर्ण होगी। इस दौरान गंगाजल से प्रधानमंत्री के गांव में स्थित हटकेश्वर महादेव के मंदिर में जल अर्पित किया जाएगा। इस यात्रा का छत्तीसगढ़ में प्रवेश राजनांदगांव से 29 सितंबर को होगा। उस दौरान यात्रा का संस्कारधानी में भव्य स्वागत किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री की राजनीतिक और जन सेवा यात्रा को जोड़ने का भी प्रतीक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed