साइबर सुरक्षा जागरूकता का संदेश लेकर पहुँचा शिविर, झिरिया के स्कूल में हुआ आयोजन
धमतरी, 7 जनवरी 2025:- शासकीय हाई स्कूल झिरिया में साइबर सुरक्षा एवं जन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर दोपहर 2:00 बजे से शुरू होकर 4:00 बजे तक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम के चॉइस सेंटर संचालक नामदेव साहू द्वारा किया गया।

इस शिविर में स्कूल के सभी शिक्षकगण, ग्राम प्रमुख तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल युग में बढ़ती साइबर अपराध की घटनाओं के प्रति लोगों को सजग करना तथा ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में आवश्यक जानकारी देना था। शिविर में साइबर ठगी, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया के सतर्क उपयोग तथा फिशिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
चॉइस सेंटर संचालक नामदेव साहू ने बताया कि आज के समय में तकनीक का लाभ उठाने के साथ-साथ उससे होने वाले जोखिमों के प्रति सचेत रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को साइबर कानूनों की जानकारी भी प्रदान की। यह शिविर वीजा प्रोजेक्ट के अंतर्गत द्वितीय चरण में आयोजित किया गया था जो साइबर सिक्योरिटी एंड सोशल अवेयरनेस के नाम से संचालित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की शपथ दिलाई गई। यह शिविर स्थानीय स्तर पर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुआ।
