हर प्राणी का आधार है पौधा, प्रकृति संतुलन का आकार है पौधा – योगविद् अर्जुन धनंजय सिन्हा

पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिक से अधिक पौधे लगाए -शंकर लाल यदु
भूपेन्द्र सिन्हा, गरियाबंद/छुरा :- अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर पतंजलि योग समिति जिला गरियाबंद द्वारा वृहद पौधारोपण महाभियान चलाया गया। पतंजलि योग समिति जिलाध्यक्ष अर्जुन धनंजय सिन्हा के कुशल नेतृत्व में जिले के सभी आयुर्वेदिक ग्रामों में औषधीय, छायादार , फलदार पौधों नीम , करंज, पीपल, बरगद, आम, बेल, कटहल, आंवला, गुल्लर, अशोक, जामुन, अमरूद आदि का बड़े पैमाने पर रोपण किया गया। सिन्हा द्वारा रोपित पौधों के संरक्षण और संवर्धन की शपथ दिलाई गई। योगविद् शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा द्वारा गरियाबंद जिलाधीश माननीय भगवान सिंह उइके जी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के मार्मिक अपील को दोहराया गया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम के रूप में न ले बल्कि इसे भावनाओं का महोत्सव बनाए। हर एक पौधा धरती मां की गोद में एक नया जीवन है। हमारा लगाया गया पौधा हमारे आने वाली पीढ़ी को हरा-भरा, स्वस्थ, सदाबहार पर्यावरण का उपहार है। सिन्हा द्वारा प्लास्टिक प्रदूषण मुक्त छत्तीसगढ़ की संकल्पना को साकार करने का अपील किया गया।

जिले के कर्मठ योगी देवनारायण यदु द्वारा मिट्टी को उपचारित कर मियावाकी तकनीक से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जिला महामंत्री शंकर लाल यदु ने कहा कि पौधे बड़े होकर हरे-भरे पेड़ बनते हैं जो पर्यावरण के संतुलन में विशिष्ट योगदान देते हैं। हवा की गुणवत्ता, जलवायु में सुधार, जल संरक्षण, मृदा संरक्षण एवं वन्य जीवों के आवास हेतु वृक्षारोपण नितांत आवश्यक है। यज्ञाचार्य हेमलाल पटेल, भोज पटेल ने कहा कि वृक्ष कार्बन डाइ ऑक्साइड अवशोषित कर हमें प्राणदायिनी ऑक्सीजन देते हैं। स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वायु जरूरी है। जिले के अलग-अलग गांव में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण की विनम्र अपील की गई। जिलाध्यक्ष संतराम कंवर ने कहा कि पौधे को पेड़ बनाना हमारा उद्देश्य होगा। हर व्यक्ति जीवन में केवल एक ही पौधा रोपित करें और उसे पेड़ बनाए तो पर्यावरण में चारों तरफ हरियाली ही हरियाली होगी। हमें कम जगह पर अधिक पौधे लगाने होंगे। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर भारत स्वाभिमान न्यास जिला प्रभारी संतराम कंवर, जिला योग प्रचारक गणेश आजाद के नेतृत्व में दुल्ला, ऊर्जावान योग शिक्षक देवनारायण यदु द्वारा पंडरीपानी, लोहझर, जिला महामंत्री शंकर लाल यदु, हेमलाल पटेल, भोज पटेल द्वारा लोहझर, खैरझिटी, रेखचंद साहू द्वारा रावनाभाठा, तेजराम ध्रुव द्वारा कोरासी, हेमसिंह सिन्हा द्वारा मड़ेली, सुप्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मोहन नेताम, जूडो कराटे मास्टर हरीश नेताम द्वारा परसदा खुर्द, पोखन ठाकुर, गोविंद नेताम द्वारा ओनवा, पुनीत ठाकुर द्वारा गिधनी, कान्हा सिन्हा द्वारा सोरिद खुर्द, संतोष सोरी द्वारा बहेराभाठा आदि जगहों पर पौधारोपण किया जाएगा।