भाटापारा में साहू समाज महिलाओं का तीज उत्सव धूमधाम से संपन्न, विधायक इन्द्र साव ने किया पुरस्कार वितरण


मोहम्मद इकबाल हनफी भाटापारा रिपोर्टर
भाटापारा:- नगर साहू समाज महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में साहू छात्रावास में तीज उत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें मातृशक्तियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक इन्द्र साव ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दानवीर भामाशाह की पूजा-अर्चना और भक्त माता कर्मा की आरती के साथ हुई। इसके बाद महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेलों जैसे फुगड़ी, कुर्सी दौड़, गेंड़ी दौड़, जलेबी दौड़, ईटा दौड़ और गोला बनाओ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही, गीत-नृत्य की प्रस्तुतियों से समां बंध गया। बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नशा मुक्ति का सामाजिक संदेश दिया और समाज को जागरूक करने का प्रयास किया।
विधायक इन्द्र साव ने उपस्थित महिलाओं को तीज पर्व की बधाई देते हुए कहा कि तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा, नारी शक्ति और सम्मान का उत्सव है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बनाए रखने में महिलाओं के योगदान की सराहना की।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. वीणा साहू, कल्याणी साहू, नीरादेवी साहू, कमला साहू, संध्या साहू सहित अन्य महिलाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। समाज के पदाधिकारियों राजेश साहू, मनीराम साहू, लूकू साहू आदि का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन इंद्राणी साहू ने किया।