खो-खो खेल से बच्चों में विकसित होती है फुर्ती, साहस और नेतृत्व क्षमता –जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव
जिला स्तरीय सब-जूनियर / जूनियर बालक-बालिका खो-खो प्रतियोगिता ग्राम केशाल में सम्पन्न
छुरिया। विकासखंड छुरिया के ग्राम केशाल में राजनांदगांव जिला स्तरीय सब-जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव शामिल हुईं।कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष श्री संजय सिन्हा ने की।वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्री ओमप्रकाश चंद्रवंशी,ग्राम सरपंच श्रीमती सोनिया चंद्रवंशी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने खिलाड़ी बंधुओं व ग्रामवासीयो को संबोधित करते हुए कहा कि खो-खो भारतीय खेलों की आत्मा है। यह खेल हमारी मिट्टी, संस्कृति और ग्रामीण जीवन की ऊर्जा को दर्शाता है। खो-खो बच्चों में फुर्ती, साहस, रणनीतिक सोच, धैर्य और टीम भावना विकसित करता है। इस खेल में हर पल सतर्कता और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता आवश्यक होती है, जो जीवन की हर परिस्थिति में उपयोगी होती है।उन्होंने आगे कहा—ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं, बल्कि उन्हें मंच देने की जरूरत है। खिलाड़ी जब मैदान में उतरता है, तो वह केवल जीत के लिए नहीं, बल्कि अपने गाँव, क्षेत्र और जिले की अस्मिता लेकर खेलता है। जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण खेल सुविधाओं को मजबूत करने, प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और प्रतियोगिताओं को निरंतर बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है।उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी आग्रह किया—बच्चों को खेल की ओर प्रेरित करें, क्योंकि खेल शरीर, मन और व्यक्तित्व तीनों का विकास करता है। आज का खिलाड़ी भविष्य में समाज का नेतृत्व करने वाले व्यक्तित्व के रूप में उभर सकता है। साथ ही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा ने संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, साहस और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं। खो-खो जैसे भारतीय मूल के खेल हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। हमें इन खेलों को संरक्षित करने और बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। क्षेत्र में खेल मैदानों और संसाधनों के विकास के लिए जनपद स्तर पर कार्य जारी है, और आने वाले समय में इसे और मजबूत किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम को जनपद पंचायत छुरिया सदस्य ओमप्रकाश चंन्द्रंवशी व ग्राम के सरपंच श्रीमती सोनिया चंन्द्रंवशी ने भी संबोधित किया।साथ ही इस अवसर कुमार साय साहू, नैन सिंह पटेल,टिकम साहू मनोज साहू, कुंदन बड़ोले, तरूण शुक्ला,भरत कोटेलकर, पुनाराम सिन्हा,हिरेन्द चंन्द्रंवशी, अशोक सेन,धनेश साहू, गंगोत्री जामुर्य, घनश्याम साहू, कमलाकांत चंन्द्रंवशी, प्रेम चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधिगण व ग्रामवासी व खिलाड़ी बंधुओं उपस्थित रहे।
सीएन आई न्यूज से विजय निषाद की रिपोर्ट
