वर्ष 2017 में पत्नी की हत्या कर सात वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी आरोपी को थाना तरेगांव के टीम ने मध्यप्रदेश से किया गिरफ्तार

0

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं श्री पंकज पटेल तथा एसडीओपी बोड़ला श्री अखिलेश कौशिक के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में कबीरधाम पुलिस द्वारा एक उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए सात वर्षों से फरार स्थायी वारंटी आरोपी को मध्यप्रदेश के सीधी जिले से गिरफ़्तार किया गया है।

दिनांक 22 मार्च 2017 को प्रार्थी गहरू सिंह बैगा द्वारा थाना पंडरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 23 मार्च 2017 को ग्राम मगरवाड़ा में वाहन क्रमांक CG 09 F 6786 के चालक त्रिवेणी यादव ने उसे फोन कर सूचना दी कि उसका ट्रक खराब हो गया है, और आगे नहीं जा सकता। उसने प्रार्थी को अपनी पत्नी को वहीं से ले जाने कहा।

प्रार्थी, अपनी पत्नी पार्वती बाई एवं उसकी साथी रामबाई को मोटरसाइकिल क्रमांक CG 09 G 0464 में बैठाकर वापस लौट रहा था, तभी आरोपी त्रिवेणी यादव ने जानबूझकर ट्रक से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी। इस दुर्घटना में पार्वती बाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई और प्रार्थी एवं रामबाई को गंभीर चोटें आईं। प्रारंभ में अपराध धारा 304 भादवि के तहत दर्ज किया गया, लेकिन विवेचना में आरोपित की मंशा स्पष्ट होने पर अपराध में धारा 302 भादवि जोड़ी गई।

प्रकरण में शव का पोस्टमार्टम, घायलों की चिकित्सकीय जांच एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाहियां की गईं। वाहन जप्त कर माननीय न्यायालय के आदेशानुसार सुपुर्दनामे में वाहन स्वामी को सौंपा गया।

प्रकरण में आरोपी त्रिवेणी यादव घटना दिनांक से ही फरार था। लगातार प्रयासों के बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो पाने पर माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कबीरधाम (श्री नरेन्द्र कुमार तेंदुलकर) द्वारा दिनांक 15.01.2020 को स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।

गिरफ्तारी की कार्रवाई:

मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी त्रिवेणी यादव (पिता बंशपति यादव), निवासी ग्राम चांदवाही, थाना बहरी, जिला सीधी (म.प्र.) में निवासरत है। सूचना पर थाना तरेगांव से निरीक्षक श्री संग्राम सिंह एवं उनकी टीम तत्काल रवाना होकर ग्राम चांदवाही पहुंचे। वहां दबिश देकर आरोपी को उसके निवास स्थान से गिरफ़्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

पुलिस की सतत निगरानी और सक्रियता का परिणाम:
थाना पंडरिया के प्रकरण में नामजद आरोपी त्रिवेणी यादव मूलतः थाना तरेगांव का निवासी है, जिसकी गिरफ्तारी तरेगांव पुलिस की सटीक सूचना संकलन, निगरानी और समर्पण का परिणाम है। सात वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी की गिरफ्तारी से यह प्रमाणित होता है कि कबीरधाम पुलिस न्याय दिलाने के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

इस कार्रवाई से न केवल पीड़ित पक्ष को न्याय की ओर एक ठोस कदम मिला है, बल्कि जिले में कानून व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास भी और अधिक सुदृढ़ हुआ है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed