गुरु नानक जयंती गढ़फूलझर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई
जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने गुरुद्वारा पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि
कुंजराम यादव बसना रिपोर्टर
बसना। गढ़फूलझर रविवार को ग्राम गढ़फूलझर स्थित गुरुद्वारा भवन में प्रथम सिख गुरु, गुरु नानक देव जी की जयंती बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। सुबह से ही गुरुद्वारा परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और रोशनी से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने गुरुबाणी का सामूहिक पाठ कर गुरु नानक देव जी के उपदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारा पहुंचकर माथा टेका और गुरु परंपरा के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।
मोक्ष कुमार प्रधान ने इस मौके पर कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज में समानता, भाईचारा और सेवा का संदेश दिया। उनके उपदेश आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की अपील की।
प्रधान ने क्षेत्र की शांति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी ग्रामवासियों को गुरु नानक जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गुरुद्वारे में कीर्तन, लंगर वितरण और बच्चों द्वारा प्रस्तुत धार्मिक भजन मुख्य आकर्षण रहे।
