सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त देयताओं व PPO प्रदान करने की मांग
सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त देयताओं व PPO प्रदान करने की मांग
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ ने रायपुर संभाग आयुक्त को सौंपा ज्ञापन ।
रायपुर-सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त वैधानिक देयताओं एवं पेंशन भुगतान आदेश (PPO) समय पर प्रदान किए जाने की मांग को लेकर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल ने रायपुर संभाग आयुक्त श्री महादेव कावरे को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में महासंघ के प्रांताध्यक्ष श्री वीरेन्द्र नामदेव ने आयुक्त का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया कि रायपुर संभाग अंतर्गत अनेक विभागों में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ग्रेच्युटी, अवकाश नगदीकरण, भविष्य निधि तथा PPO समय पर प्राप्त नहीं हो पाते हैं। इससे उन्हें सेवानिवृत्ति के प्रारंभिक काल में आर्थिक, मानसिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जो उनके लंबे सेवाकाल के उपरांत अत्यंत पीड़ादायक स्थिति है।
महासंघ ने , बस्तर संभाग में कलेक्टर द्वारा प्रत्येक माह के अंत में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके समस्त देयकों एवं PPO एक साथ प्रदान किए जा रहे हैं। बस्तर संभाग के अन्य जिलों में भी इस प्रकार की सकारात्मक व्यवस्था लागू होने की जानकारी है, जो एक अनुकरणीय उदाहरण है।
श्री नामदेव ने आयुक्त से अपेक्षा व्यक्त की कि रायपुर संभाग में भी इसी तरह की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सेवानिवृत्त जीवन की शुरुआत सम्मान, संतोष और आर्थिक सुरक्षा के साथ हो सके। साथ ही यह पहल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाने के साथ-साथ सेवाकालीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों में भी सकारात्मक संदेश का संचार करेगी।
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि मंडल में महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव, महामंत्री अनिल गोल्हानी, कोषाध्यक्ष बी.एस. दसमेर, संभागीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार त्रिवेदी, जिला रायपुर अध्यक्ष आर.जी. बोहरे तथा प्रांतीय कार्यसमिति सदस्य के.जी. विंसेंट उपस्थित रहे।
सी एन आइ न्यूज-पुरुषोत्तम जोशी।
