भाटापारा: रायगढ़ ने जीता ‘सेवन-ए-साइड’ फुटबॉल का खिताब, मेजबान टीम रही उपविजेता

मोहम्मद अजहर हनफी, जिला ब्यूरो चीफ बलौदाबाजार–भाटापारा
भाटापारा (सेंट्रल न्यूज़ इंडिया): नगर के ऐतिहासिक माता देवालय स्थित सर्कस मैदान में दो दिवसीय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ। सम्राट फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में प्रदेश भर की दिग्गज टीमों ने अपना कौशल दिखाया। खिताबी भिड़ंत में रायगढ़ की टीम ने मेजबान भाटापारा को पेनाल्टी शूटआउट में 3-2 से पराजित कर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की।
कड़े संघर्ष के बाद हुआ फैसला
फाइनल मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच जबरदस्त रक्षात्मक और आक्रामक खेल देखने को मिला। निर्धारित समय तक मैच बराबरी पर रहने के बाद रोमांच चरम पर पहुँच गया। अंततः पेनाल्टी शूटआउट के जरिए रायगढ़ ने जीत हासिल की। समापन अवसर पर खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए खेल भावना को सराहा गया। जानकारों का कहना है कि करीब 8 वर्षों के अंतराल के बाद शहर में फुटबॉल का ऐसा बड़ा आयोजन हुआ है, जो स्थानीय युवाओं में खेल के प्रति नए उत्साह का संचार करेगा।

खेलों का बढ़ता दायरा
गौरतलब है कि भाटापारा अब खेल गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। जनवरी में आयोजित फ्लडलाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के बाद अब फुटबॉल का यह सफल आयोजन इसकी पुष्टि करता है। अब खेल प्रेमियों की नजरें रायपुर में आज (15 फरवरी) से शुरू हो रहे ‘वेटरन कप सीजन-1’ (40+) पर टिकी हैं, जहाँ वयोवृद्ध खिलाड़ी अपना दम दिखाएंगे।
