धान खरीदी, बिजली राहत और कैशलेस चिकित्सा सहित जनहितकारी निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार – स्वप्निल तिवारी

0

पिथौरा- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर 2026 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए जनहितकारी निर्णयों का स्वागत करते हुए भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा किसानों से 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी प्रारंभ करने, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की व्यवस्था तथा पिछले वर्ष के एग्रीस्टेक आईडी युक्त पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन से छूट देने का निर्णय किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे किसानों को धान विक्रय की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी और कृषि कार्यों को प्रोत्साहन प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के अंतर्गत घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मिलने वाली रियायत जारी रखने तथा योजना की पात्रता अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने का निर्णय आम परिवारों को राहत प्रदान करेगा। इसी प्रकार राज्य के शासकीय सेवकों एवं उनके आश्रित परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मंजूरी से गंभीर बीमारी और आपातकालीन परिस्थितियों में उपचार की सुविधा मिलेगी तथा आर्थिक बोझ कम होगा।

भाजपा जिला प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन-2026 और मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन को मंजूरी मिलने से प्रदेश में सड़क एवं अन्य अधोसंरचनाओं के विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम होगा। वहीं, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान से लेकर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण तक व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देगी।

श्री तिवारी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेल परियोजना के क्रियान्वयन को गति देने, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने, किसानों की उपज के प्रसंस्करण एवं भंडारण की सुविधाओं का विस्तार करने और लंबित सड़क निर्माण कार्यों को गति देने संबंधी निर्णय छत्तीसगढ़ के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसान कल्याण, आम नागरिकों को राहत, कर्मचारियों की चिकित्सा सुरक्षा, अधोसंरचना विकास, पर्यटन, खेल और औद्योगिक प्रगति को ध्यान में रखकर लिए गए निर्णय प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

स्वप्निल तिवारी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और विकास से जुड़े कार्यों को इसी प्रकार प्राथमिकता देती रहे, ताकि छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

सी एन आई न्यूज रिपोर्टर रमेश श्रीवास्तव पिथौरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed