T-20 वर्ल्ड कप 2026: सेमीफाइनल में भारत की ‘विराट’ विजय, जयस्तंभ चौक पर आधी रात को दीपावली सा नजारा
रायपुर | सी.एन.आई. न्यूज (CNI News) रिपोर्ट: पुरुषोत्तम जोशी
रायपुर: “कहां पड़े हो चक्कर में, कोई नहीं है टक्कर में…” इन गगनभेदी नारों से कल रात छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का हृदय स्थल जयस्तंभ चौक गूंज उठा। अवसर था टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की इंग्लैंड पर शानदार फतह।
इंग्लैंड को 7 रनों से दी शिकस्त, फाइनल का टिकट पक्का
बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने अंग्रेजों को 7 रनों से धूल चटाकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जैसे ही मैच की आखिरी गेंद फिंकी और भारत की जीत सुनिश्चित हुई, रायपुर की सड़कों पर जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा।

तिरंगा, गुलाल और आतिशबाजी: जयस्तंभ चौक बना जश्न का केंद्र
मैच खत्म होते ही सैकड़ों की संख्या में ‘रायपुरियंस’ तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल आए। जयस्तंभ चौक पर आधी रात को भी उत्सव का माहौल था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई जीत के खुमार में डूबा नजर आया। लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर बधाई दे रहे थे और “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
शहर के गणमान्य नागरिकों ने दी टीम इंडिया को बधाई
जीत के इस ऐतिहासिक जश्न में मुख्य रूप से प्रकाश जोशी, सुनीता जोशी, अमितेश शर्मा, आरती शर्मा, ऋषभ शर्मा, दिनेश जोशी, संगीता जोशी, हिमांशु जोशी, कंचन जोशी के साथ नन्हे प्रशंसक पार्थ, प्रियांशी, आदर्श और पीहू सहित सैकड़ों शहरवासी शामिल हुए। सभी ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की और टीम इंडिया को फाइनल मुकाबले के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

शहरवासियों का कहना है कि जिस लय में भारतीय टीम खेल रही है, इस बार विश्व कप भारत आना तय है। अब सबकी निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां रायपुर एक बार फिर इसी जोश के साथ जीत का जश्न मनाने को बेताब है।
