SANKALP 2026: विकसित छत्तीसगढ़ की नई इबारत; 1.72 लाख करोड़ का बजट पेश

मोहम्मद अजहर हनफी ब्यूरो चीफ
नवा रायपुर/छत्तीसगढ़:- छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने अपने कार्यकाल का तीसरा और राज्य की दशा-दिशा तय करने वाला एक महत्वाकांक्षी बजट पेश किया है। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर 2047’ के विजन को ध्यान में रखते हुए ‘SANKALP’ (संकल्प) थीम पर आधारित बजट विधानसभा के पटल पर रखा। यह बजट केवल आंकड़ों का पुलिंदा नहीं, बल्कि नीति से परिणामों तक पहुँचने की एक ठोस कार्ययोजना नजर आती है।
अर्थव्यवस्था की नई ऊँचाई
छत्तीसगढ़ की आर्थिक सेहत में सुधार के संकेत देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि राज्य का बजट अब ₹1,72,000 करोड़ तक पहुँच गया है, जो राज्य गठन के समय की तुलना में 35 गुना ज्यादा है। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) 12.4% की अनुमानित बढ़त के साथ ₹7.09 लाख करोड़ के पार जाने की उम्मीद है। वहीं, प्रति व्यक्ति आय में भी 10% से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई है।
7 स्तंभों पर टिका ‘संकल्प’
बजट को ‘SANKALP’ के सात अक्षरों के इर्द-गिर्द बुना गया है, जिसमें समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अन्त्योदय, आजीविका और प्रभावी कार्यान्वयन (Policy to Parinaam) को मुख्य आधार बनाया गया है।
बस्तर-सरगुजा और शिक्षा पर बड़ा दांव
इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता शिक्षा और विकास को नक्सलवाद के जवाब के रूप में पेश करना है। सरकार ने अबूझमाड़ और जगरगुंडा जैसे क्षेत्रों में ₹100 करोड़ की लागत से ‘एजुकेशन सिटी’ बनाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही, बस्तर और सरगुजा में आजीविका के साधनों और अतिरिक्त पोषण सहायता के लिए विशेष वित्तीय प्रावधान किए गए हैं।
प्रमुख घोषणाएं जो सीधे जनमानस को छुएंगी:
- किसानों के लिए: ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत ₹10,000 करोड़ का भारी-भरकम प्रावधान और बिजली सब्सिडी के लिए ₹6,700 करोड़ आवंटित किए गए हैं।
- नारी शक्ति: महतारी वंदन योजना के लिए ₹8,200 करोड़ के साथ ही, महिलाओं के नाम पर प्रॉपर्टी खरीदने पर रजिस्ट्री शुल्क में 50% की छूट देने का बड़ा फैसला लिया गया है।
- युवाओं को संबल: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए ‘CG ACE’ योजना शुरू होगी। साथ ही, ₹4,000 करोड़ की ‘Viksit Bharat G RAM G’ योजना के जरिए ग्रामीण युवाओं को साल में 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा।
- 5 नए मिशन: शासन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), खेल, पर्यटन, अधोसंरचना और स्टार्टअप के लिए पांच अलग-अलग मिशनों की शुरुआत की है, ताकि राज्य भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहे।
कनेक्टिविटी और पर्यटन
बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर से हवाई सेवाओं को रफ्तार देने के लिए ‘CG VAYU’ योजना लाई गई है। वहीं, प्रदेश के पांच प्रमुख शक्तिपीठों को जोड़ने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री आस्था पथ योजना’ की घोषणा की गई है।
कुल मिलाकर, यह बजट संतुलित विकास और ‘अंत्योदय’ की भावना को साथ लेकर चलने की एक ईमानदार कोशिश जान पड़ता है, जिसमें युवाओं के लिए अवसर, महिलाओं के लिए सम्मान और किसानों के लिए समृद्धि का खाका तैयार किया गया है।
