जोंक नदी से अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस का कड़ा प्रहार, ट्रैक्टर जब्त, आरोपी जेल रवाना

मोहम्मद अज़हर हनफी/जिला ब्यूरो चीफ
गिधौरी/बलौदाबाजार:– अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिधौरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जोंक नदी से अवैध रूप से रेत चोरी कर ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसपी के निर्देशन में हुई प्रभावी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के मार्ग निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी तारतम्य में थाना गिधौरी पुलिस को सूचना मिली कि धमलपुर-नवापारा मार्ग से होकर जोंक नदी की रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने धमलपुर-नवापारा मार्ग पर तत्काल घेराबंदी की।
दबिश में धराया आरोपी
पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका गया, जो रेत से लदा हुआ था। वाहन चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जोंक नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर रहा था।
मामले का संक्षिप्त विवरण
- गिरफ्तार आरोपी: कुनाल रात्रे (24 वर्ष), निवासी धमलपुर (नवापारा), थाना गिधौरी।
- जप्त वाहन: ट्रैक्टर-ट्रॉली, क्रमांक CG22 X 4639 (रेत सहित)।
- कानूनी कार्रवाई: आरोपी के विरुद्ध थाना गिधौरी में बीएनएस (BNS) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी कुनाल रात्रे को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहाँ से उसे जेल दाखिल कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन की गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
